मुलाकात में विभिन्न क्षेत्रों में हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के बीच आपसी सहयोग देने पर चर्चा और विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के परिवहन मंत्री को हरियाणा आने का न्योता भी दिया है। इस पर ऑस्ट्रेलिया के मंत्री ने हरियाणा आने के निमंत्रण को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया की सरकार के साथ विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने के लिए भी आगे की कार्यवाही की जा रही है। ऑस्ट्रेलिया में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव को लेकर विज ने कहा कि गीता का दिव्य ज्ञान कुरुक्षेत्र की धरती पर दिया गया था। इस ज्ञान में मनुष्य की हर कठिनाई का समाधान बताया गया है। यह ज्ञान हरियाणावासियों, कुरुक्षेत्रवासियों, किसी क्षेत्र, किसी जाति, किसी धर्म के लिए नहीं है।
आस्ट्रेलिया के उद्योपगतियों ने हरियाणा में इंटरनेशनल स्तर की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाने की पेशकश की है। साथ ही, प्रदेश में 1500 बिस्तर का अस्पताल भी स्थापित करने को ये उद्योगपति तैयार हैं। अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के तहत आस्ट्रेलिया दौरे पर गए गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के साथ हुई बैठक में वहां के उद्योगपतियों ने यह पेशकश की। विज ने चंडीगढ़ लौटते ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को दोनों प्रोजेक्ट को लेकर रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दे दिए हैं। यहां मीडिया से रूबरू हुए विज ने यह खुलासा करते हुए कहा कि राज्य में खेल विश्वविद्यालय और 1500 बिस्तर का अस्पताल खोलने के लिए पत्र प्रदेश सरकार की ओर से भेजने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं ताकि इन दोनों प्रोजेक्ट को शीघ्र अति शीघ्र सिरे चढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के परिवहन एवं सिटी सर्विसिज के मंत्री क्रिस्टोफर जेम्स स्टील से भी उनकी मुलाकात हुई।