ऋषि सुनक इस सप्ताह पारिवारिक अवकाश ले रहे हैं। इसकी जानकारी डाउनिंग स्ट्रीट ने दी है। वे 4 साल में पहली बार अपने परिवार संग छुट्टी पर जाएंगे। प्रधानमंत्री की प्रवक्ता ने सुरक्षा कारणों से उनके गंतव्य का खुलासा नहीं किया है लेकिन उन्होंने कहा कि वह गुरुवार से विदेश में सिर्फ एक सप्ताह का समय अपने परिवार के साथ बिताएंगे।
बता दें कि इससे पहले भी 43 वर्षीय ऋषि सुनक केवल कुछ घंटों के लिए स्पेन में पारिवारिक छुट्टी पर थे लेकिन जब पिछले साल सितंबर में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की मृत्यु हुई तो उन्हें ब्रिटेन वापस जाना पड़ा था। सुनक के प्रेस सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने परिवार के साथ कुछ समय के लिए छुट्टियां लेंगे। लगभग चार साल पहले ट्रेजरी के मुख्य सचिव बनने के बाद वह पहली बार ऐसा कर रहे हैं। वह गुरुवार से सिर्फ एक सप्ताह के लिए अपने परिवार के साथ छुट्टी पर रहेंगे।
सुनक, उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति और उनकी बेटियां कृष्णा और अनुष्का गुरुवार से एक सप्ताह के लिए विदेश में समय बिताएंगे। फरवरी 2020 में तत्कालीन प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन द्वारा राजकोष के चांसलर के रूप में पदोन्नत किए जाने से पहले सुनक को जुलाई 2019 में ट्रेजरी का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सितंबर 2023 में नई दिल्ली में जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के लिए सुनक द्वारा भारत यात्रा करने की उम्मीद है।